1.50 करोड़ की चरस बरामद, अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
26 अप्रैल। उ प्र बहराइच जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रुपईडीहा पुलिस और ANTF यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने अंतर्राष्ट्रीय तस्करी गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 06.770 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के पर्यवेक्षण में ANTF यूनिट लखनऊ और थाना रुपईडीहा की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 26 अप्रैल की सुबह लगभग 4 बजे कस्बा रुपईडीहा के चकिया रोड स्थित सफीक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान के पास छापेमारी की गई, जहां से इस्माईल पुत्र हनीफ निवासी जमुनहा गांव, थाना रुपईडीहा को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 6.770 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नेपाल के बांके जिला से चरस की तस्करी कर भारत में लाकर बेचता था। इस खुलासे से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क की पुष्टि हुई है।
इस मामले में थाना रुपईडीहा में मु0अ0सं0 87/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और भी खुलासे होने की संभावना है।

Loading comments...