National

आग का गोला बनी मारुति वैन, हजारों का सामान जलकर राख

• Tue Dec 16 2025 FAC News Desk

आग का गोला बनी मारुति वैन, हजारों का सामान जलकर राख

संवाददाता फरियाद अली

 

बहराइच लखनऊ–बहराइच मार्ग पर फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर टेंडवा उजार चौराहे के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक मारुति वैन में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वैन धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह राख हो गई। घटना में वैन में रखा करीब 30 हजार रुपये मूल्य का जूता, चप्पल और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन स्वामी रोहित कुमार, निवासी गुल्लावीर कॉलोनी, दरगाह शरीफ बहराइच, निजी मारुति वैन से जूता-चप्पल के थोक व्यापार का कार्य करते हैं। रोजमर्रा की तरह वह वैन को सड़क किनारे खड़ा कर अन्य कार्य में व्यस्त थे, तभी अचानक वैन से धुआं उठने लगा और आग भड़क उठी। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि वैन सीएनजी से संचालित थी और आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या गैस से जुड़ी तकनीकी खामी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी दर्ज की।

 

घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। पीड़ित व्यापारी ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता की मांग की है।

Share this story