गाड़ियों पर जाति लिखने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, थानों में भी नाम के आगे से हटेगी जाति,डीआईजी अजय साहनी का आदेश
गाड़ियों पर जाति लिखने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, थानों में भी नाम के आगे से हटेगी जाति,डीआईजी अजय साहनी का आदेश

फरियाद अली
इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को लागू कराने के लिए बरेली रेंज की पुलिस अब सख्त कार्रवाई में जुट गई है। कोर्ट ने साफ कहा था कि जाति का उल्लेख संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। इसके बाद योगी सरकार ने जातिगत रैलियों और प्रचार-प्रसार पर रोक लगा दी है। इसी कड़ी में डीजीपी के आदेश पर बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने चारों जिलों के पुलिस कप्तानों को सख्त निर्देश दिए हैं।
गुरुवार से बरेली रेंज के सभी जिलों में वाहनों की सघन चेकिंग शुरू हो गई है। जिन गाड़ियों पर जातिगत स्लोगन या उपनाम लिखे पाए गए, उन्हें तुरंत हटवाया जा रहा है। डीआईजी अजय साहनी ने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी सरकारी या निजी वाहन पर जाति का जिक्र कतई बर्दाश्त नहीं होगा। थानों में लगे नोटिस बोर्ड, प्रपत्रों और दस्तावेजों में भी नाम के आगे जाति लिखने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
पुलिस ने जनता को यह संदेश भी दिया है कि वाहनों पर जाति लिखना अपराध है। यदि इसके बावजूद कोई व्यक्ति नियम तोड़ेगा, तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज होगा।
इसके साथ ही जातिगत रैली और सम्मेलनों पर भी रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीआईजी का साफ संदेश है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का यह कदम समाज में समानता और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Share this story