National

कुचेरा-मंजनाई संपर्क मार्ग पर भोला का पुरवा और बरियादेई गांव की सीमा के पास झाड़ियों में एक युवती शब संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली।

• Fri Aug 29 2025 FAC News Desk

बेहद शर्मनाक घटना | ब्रेकिंग – अयोध्या

कुचेरा-मंजनाई संपर्क मार्ग पर भोला का पुरवा और बरियादेई गांव की सीमा के पास झाड़ियों में एक युवती शब संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली।

रिपोर्ट – फरियाद अली

 

अयोध्या जिले के थाना इनायतनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुचेरा-मंजनाई संपर्क मार्ग पर भोला का पुरवा और बरियादेई गांव की सीमा के पास झाड़ियों में एक युवती संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली। युवती को देख राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर उप निरीक्षक अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पाई गई युवती को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पड़ताल में युवती की पहचान बीकापुर कोतवाली क्षेत्र निवासी खुशी पांडेय के रूप में हुई है। खुशी फिलहाल लखनऊ की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।

गौरतलब है कि खुशी अविवाहित बताई जा रही हैं, किंतु जब वे मिलीं तो उनके माथे पर सिंदूर और पैरों में मेहंदी लगी हुई थी। इन परिस्थितियों ने घटना को और भी रहस्यमयी बना दिया है। स्थानीय लोगों का संदेह है कि युवती के साथ किसी प्रकार की अनहोनी या दुर्व्यवहार किया गया है और फिर उसे झाड़ियों में फेंक दिया गया।

सूचना मिलते ही खुशी की बड़ी बहन और भाई भी मौके पर पहुंचे। परिवारजन भी घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवती अभी बेहोश है और उनके होश में आने के बाद ही पूरी घटना का सच सामने आ पाएगा।

उधर, इस मामले ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है। लोग इसे गंभीर अपराध मान रहे हैं और पुलिस से त्वरित व निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से आवश्यक सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

Share this story