मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन, 8 सूत्रीय ज्ञापन सीडीओ को सौंपा
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उ प्र जनपद बहराइच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बहराइच इकाई द्वारा मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की कथित छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। परिषद के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को सौंपा गया।
जिलाधिकारी द्वारा लगातार ज्ञापनों से दूरी बनाए रखने और संवादहीन कार्यशैली के विरोध में कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की मांग की।
जिला संयोजक देवाशीष सिंह ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक स्तर पर लागू की गई बहुविकल्पीय परीक्षा प्रणाली छात्रों के हित में नहीं है और इसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। प्रांत जनजातीय कार्य संयोजक आदर्श शुक्ला ने शिक्षा व्यवस्था में गिरावट पर चिंता जताते हुए सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था के शुद्धिकरण की आवश्यकता है और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रांत खेलो भारत संयोजक नित्य पाठक ने प्रत्येक विकासखंड में खेल मैदान निर्माण की मांग उठाई, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
पूर्व जिला सह-संयोजक आशुतोष मिश्रा ने सरकारी एवं एडेड विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
मुख्य मांगें:
बहुविकल्पीय परीक्षा प्रणाली को तत्काल वापस लिया जाए
प्रत्येक विकासखंड में खेल मैदान का निर्माण कराया जाए
सरकारी एवं एडेड विद्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं शुद्धिकरण किया जाए
अनियंत्रित धक्का-मार वाहनों पर रोक लगाई जाए
अंत में परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान देवाशीष सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, आदर्श शुक्ला, नित्य पाठक, आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading comments...