महिला केंद्रित बॉलीवुड इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल (BIFF) के छठे संस्करण का आज पहला दिन उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
महिला केंद्रित बॉलीवुड इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल (BIFF) के छठे संस्करण का आज पहला दिन उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

संवाददाता शोएब म्यानुंर मुंबई
मुंबई : पहला दिन पूर्णतः महिलाओं को समर्पित रहा, जिसमें स्त्री-जीवन, संवेदना और उनके सामाजिक-वैयक्तिक संघर्षों पर आधारित प्रभावशाली फ़िल्मों की श्रृंखला दिखाई गई। सुबह कार्यक्रम का शुभारम्भ गणेश वंदना के साथ हुआ, जिसके तुरंत बाद डायरेक्टर प्रतिभा शर्मा की बहुपुरस्कृत डॉक्यूमेंट्री आमो आखा एक से का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मशहूर निर्देशक अनुभव सिन्हा की चर्चित फ़िल्म थप्पड़ ने दर्शकों को महिला स्वाभिमान और संवेदनशील मुद्दों पर गहराई से सोचने को प्रेरित किया। फ़िल्म के बाद अनुभव सिन्हा और लेखक-फ़िल्मकार धर्मेंद्र नाथ ओझा के बीच फ़िल्म निर्माण और इसकी विषय-वस्तु पर सारगर्भित बातचीत हुई।
लंच के बाद नवीन अग्रवाल की फ़िल्म ज़िंदगीनामा प्रदर्शित की गई, जिसने दर्शकों को मानवीय अनुभवों की एक नई दुनिया से परिचित कराया। इसके उपरांत धर्मेंद्र नाथ ओझा की फ़िल्म राइटिंग पर मास्टरक्लास में उभरते कलाकारों और फ़िल्मकारों को कहानी कहने की बारीकियों से अवगत कराया गया। दिन के अगले सत्र में सीमा भार्गव पाहवा निर्देशित फ़िल्म रामप्रसाद की तेरहवीं और समापन सत्र में सीमा कपूर की हाट – द वीकली बाज़ार ने दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
समारोह का औपचारिक उद्घाटन निर्देशक अनुभव सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर यशपाल शर्मा, प्रतिभा शर्मा, विन्दु दारा सिंह, प्रेरणा अग्रवाल, सुपवा से अमित आर्य और हरिओम कौशिक, स्टेज ऐप से प्रवीण सिंघल, चारु शर्मा और राजेश खोखर, नवीन अग्रवाल, धर्मेंद्र नाथ ओझा, मैरिएन बोर्गो, विनय ठाकुर, राजीव भाटिया, वंदना भाटिया, पवन शर्मा, गीता गुहा और गीतांजलि सिन्हा सहित फ़िल्म जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं।
पहले दिन सम्मान समारोह के दौरान ओमपुरी फ़ाउंडेशन की फाउंडर नंदिता पुरी और BIFF की ओर से अभिनेता मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब को ‘बेस्ट एक्टर ऑफ द ईयर’ और सुशांत सिंह को ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान से नवाज़ा गया। इसके अलावा समारोह में चुनिंदा अतिथियों को ‘गेस्ट ऑफ़ ऑनर’ के रूप में सम्मानित किया गया, जिनमें सुपवा के वी.सी. अमित आर्य और हरीओम कौशिक, स्टेज ऐप के प्रवीण सिंघल, चारु शर्मा, राजेश खोखर, निर्देशक अनुभव सिन्हा, सिंटा के विन्दु दारा सिंह, डायरेक्टर सीमा भार्गव पाहवा, सीमा कपूर, अभिनेत्री प्रेरणा अग्रवाल, डायरेक्टर नवीन अग्रवाल और राइटर धर्मेंद्र नाथ ओझा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
महिला-केन्द्रित फ़िल्मों की सशक्त प्रस्तुति और देश-विदेश के फ़िल्मकारों की सक्रिय भागीदारी ने BIFF के पहले दिन को यादगार बना दिया। महोत्सव के आगामी दो दिनों में भी अनेक महत्वपूर्ण फ़िल्में, चर्चाएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Share this story