पुलिस मुठभेड़, दो इनामी बदमाशों का पुलिस ने किया हाफ इनकाउंटर दो अन्य गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़, दो इनामी बदमाशों का पुलिस ने किया हाफ इनकाउंटर दो अन्य गिरफ्तार
इनामिया अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़, फायरिंग के बाद चार शातिर लखीमपुर खीरी के अपराधी गिरफ्तार

संवाददाता — फरियाद अली
बहराइच।
जनपद के रुपईडीहा इलाके में गुरुवार को पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार बदमाशों को घेर लिया, जिनमें से दो बदमाशों के पैर में पुलिस की गोली लगी है, जबकि दो को मौके पर दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को मुखबिर से सूचना मिली कि 2 नवंबर को ग्राम कोदरैला और नौव्वागांव में हुई चोरी की वारदातों में शामिल अपराधी पटना कॉलोनी की ओर से चिकनिया रोड होते हुए ग्राम सहाबा की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नानपारा और प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की।
थोड़ी देर बाद एक ईको वैन संदिग्ध हालात में नज़र आई। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वैन में सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें दोनों बदमाश मुनौव्वर और जोखे के पैर में गोली लगी और वे मौके पर गिर पड़े। दोनों घायल बदमाशों के पास से 315 बोर के तमंचे और फायरशुदा कारतूस बरामद हुए।
वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य बदमाशों छोटे लाल और बबलू खान को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। चारों आरोपी जनपद लखीमपुर खीरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से तीन अभियुक्त रुपईडीहा थाने के इनामिया हैं — दो पर ₹15,000-₹15,000 और एक पर ₹10,000 का इनाम घोषित था।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। घायल बदमाशों का इलाज मेडिकल कॉलेज बहराइच में जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण कर टीम की कार्रवाई की सराहना की है।
Share this story