रिसिया में भीषण धमाका — बाइक के परखच्चे उड़ गए, बालक हवा में उछला — दीपावली के पटाखों से जुड़ा मामला!
रिसिया में भीषण धमाका — बाइक के परखच्चे उड़ गए, बालक हवा में उछला — दीपावली के पटाखों से जुड़ा मामला!

संवाददाता फरियाद अली उ प्र
बहराइच जनपद के रिसिया बाजार स्थित इंदिरा नगर में सोमवार की शाम लगभग 4:20 बजे एक भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। अमन गर्ग पुत्र स्व. हरीराम गर्ग के आवास परिसर में खड़ी बाइक में अचानक इतना जोरदार धमाका हुआ कि बाइक के परखच्चे चारों ओर बिखर गए। धमाके की गूंज कई मीटर दूर तक सुनाई दी और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
इस भयावह हादसे में एक 15 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के झटके से बालक करीब 10 फीट हवा में उछल गया और ज़मीन पर गिरते ही बेहोश हो गया। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल बालक को सीएचसी रिसिया ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक अमन गर्ग दीपावली पर्व पर पटाखों की दुकान चला रहे थे। संभव है कि पटाखों में प्रयुक्त विस्फोटक पदार्थ या कोई ज्वलनशील सामग्री बाइक के संपर्क में आने से आग पकड़ गई और हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
धमाके के बाद आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और हवा में बारूद की तीखी गंध फैल गई।
Share this story