National

सांप ने काटा तो उसी सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुँचा युवक, डॉक्टर भी रह गए हैरान

• Sat Nov 08 2025 FAC News Desk

सांप ने काटा तो उसी सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुँचा युवक, डॉक्टर भी रह गए हैरान

संवाददाता – फरीयाद अली

बहराइच। जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज बहराइच में गुरुवार को उस समय अजीबो-गरीब नजारा देखने को मिला, जब एक युवक अपने साथ जिंदा सांप लेकर इमरजेंसी वार्ड में इलाज कराने पहुंच गया। युवक ने डॉक्टरों से कहा — “डॉक्टर साहब, इसी सांप ने मुझे काटा है, मेरा इलाज कीजिए।” इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक का नाम प्रकाश पुत्र ___ निवासी चिलवरिया बाजार, थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच बताया गया है। प्रकाश पेशे से आटा चक्की संचालक है। बताया जाता है कि वह रोज़ की तरह चक्की चला रहा था, तभी गलती से उसका पैर एक सांप पर पड़ गया। इससे गुस्साए सांप ने प्रकाश को डंस लिया।

सांप के डसते ही प्रकाश की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया, लेकिन सभी तब हैरान रह गए जब प्रकाश अपने साथ सांप को एक डिब्बे में बंद करके अस्पताल लेकर पहुंच गया। प्रकाश ने डॉक्टरों को सांप दिखाते हुए कहा — “यही है जिसने मुझे काटा है, अब मेरा इलाज कीजिए।”

अस्पताल प्रशासन ने तुरंत युवक को भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रकाश की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनज़र अस्पताल कर्मचारियों ने सांप को सुरक्षित रूप से हटवा दिया है।

यह अनोखी घटना अस्पताल में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग प्रकाश की हिम्मत की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं, जबकि डॉक्टरों ने सलाह दी है कि किसी भी परिस्थिति में जिंदा सांप को अस्पताल लाना खतरनाक हो सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए।

Share this story