त्यौहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी का बहराइच दौरा
त्यौहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी का बहराइच दौरा

रिपोर्ट – फरियाद अली, जनपद बहराइच
दिनांक: 01 सितम्बर 2025
बहराइच। आगामी त्यौहार गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन और बारावफात के मद्देनज़र पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा, श्री अमित पाठक ने सोमवार को जनपद बहराइच का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक बहराइच के साथ रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा सेवा भावना के साथ पुलिसिंग के मूल सिद्धांत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं की समस्याओं को सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया तथा कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी, आवासीय परिसर, भोजनालय और शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर साफ-सफाई व व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में आईजी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। थानों पर प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चोरी, लूट और नकबजनी जैसी घटनाओं की सूचना मिलने पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए आधार-पैन कार्ड बनाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। विवेचकों को साइबर अपराधों की विवेचनाओं में प्रशिक्षित करने पर भी बल दिया गया।
त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, स्थानीय लोगों और आयोजकों से संवाद कायम करने तथा डीजे पर विवादित गाने न बजाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों का पालन हर हाल में होना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने टॉप-10 हिस्ट्रीशीटरों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, अराजक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने और गंभीर मामलों में अभियुक्तों को 14 दिन की रिमांड पर लेकर पाबंद करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने एंटी रोमियो टीमों को और अधिक सक्रिय बनाने, क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने और मनचलों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही।
अंतरराष्ट्रीय भारत-नेपाल सीमा पर स्थित थानों को अन्य सुरक्षा एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को मजबूत करने का निर्देश दिया गया। वहीं ग्राम स्तर तक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए जीवंत ग्राम योजना के तहत सभी गांवों में पुलिस मित्रों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
आईजी के इस दौरे को त्यौहारों के मद्देनज़र जनपद में कानून-व्यवस्था की तैयारियों को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Share this story