BREAKING
FAC News
Back

'वारिस पंजाब' के 2 सक्रिय सदस्यों समेत 5 भारत नेपाल सीमा पर गिरफ्तार, अमेरिकी नागरिक शामिल

Fariyad Ali | | views
'वारिस पंजाब' के 2 सक्रिय सदस्यों समेत 5 भारत नेपाल सीमा पर गिरफ्तार, अमेरिकी नागरिक शामिल

'वारिस पंजाब' के 2 सक्रिय सदस्यों समेत 5 भारत नेपाल सीमा पर गिरफ्तार, अमेरिकी नागरिक शामिल


फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध घुसपैठ का खुलासा, पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई से सीमा पार नेटवर्क बेनकाब


ब्यूरो रिपोर्ट: फरियाद अली


उ. प्र. जनपद बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बहराइच पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध घुसपैठ के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रूपईडीहा थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में चर्चा में रही संस्था 'वारिस पंजाब' के दो सक्रिय सदस्यों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है, जो कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।


पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांश गौतम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को स्पेशल इंटेलिजेंस की सूचना पर भारत-नेपाल सीमा स्थित बीआईटी चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल से भारत आ रही एक इनोवा कार (UP 34 AB 3030) को रोककर जांच की गई। कार में सवार विक्रमजीत सिंह को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया, जबकि चालक राहुल कुमार उसे नेपालगंज से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत ले जाने की तैयारी में था।


पूछताछ और जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली कि इस नेटवर्क से एक अमेरिकी नागरिक भी जुड़ा हुआ है। इसके बाद सीमा क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर मनबीर सिंह ढिल्लों, निवासी लॉस एंजिल्स (अमेरिका), को सीमा स्तंभ संख्या 651/5 के पास से अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि स्थानीय निवासी सुरेश कुमार पाठक ने उसे मोटरसाइकिल से भारतीय सीमा में प्रवेश कराने में सहयोग किया था।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से आईफोन, पासपोर्ट, बैंक कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, अमेरिकी डॉलर, नेपाली मुद्रा, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, इनोवा कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।


प्रारंभिक जांच में आरोपियों के खिलाफ पंजाब सहित अन्य राज्यों में हत्या के प्रयास, देशविरोधी गतिविधियों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इनका आपराधिक रिकॉर्ड संबंधित राज्यों से मंगा रही है तथा अन्य एजेंसियों से भी संपर्क कर रही है।


इस मामले में थाना रूपईडीहा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं अप्रवास एवं विदेशी विषयक नियम, 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News