National

“विदेश में नौकरी दिलाने” के नाम पर 36 लाख की ठगी

• Tue Oct 28 2025 FAC News Desk

“विदेश में नौकरी दिलाने” के नाम पर 36 लाख की ठगी!

संवाददाता फरियाद अली

 

थाना बौण्डी पुलिस की बड़ी सफलता — फर्जी ‘मिनिस्ट्री अफेयर्स’ अफसर बनकर लोगों को लूटता था शातिर ठग

 

 

बहराइच। थाना बौण्डी पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने विदेश में नौकरी का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। आरोपी खुद को “AS असिस्टेंट सेक्रेटरी, मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स” बताकर भोले-भाले युवाओं का भरोसा जीतता था।

 

अभियुक्त आशीष कुमार पुत्र राम किशोर निषाद, निवासी ग्राम मैला सरैया, थाना बौण्डी, हालपता कापसहेड़ा, नई दिल्ली, ने नेपाल राष्ट्र के जिला बांके के वेतहनी गाँव पालिका निवासी बिनोद कुमार गोडिया व उनके साथियों को यू.के. (यूनाइटेड किंगडम) में नौकरी दिलाने का लालच देकर फर्जी व कूटरचित वीजा बनवाकर 36 लाख रुपये की ठगी की थी।

 

जब ठगे गए लोगों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी बहाने बनाकर उन्हें टालता रहा। अंततः पीड़ितों ने थाना बौण्डी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मु0अ0सं0 164/2025 धारा 318(4)/319(2)/338/336(3)/340(2)/352/351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व क्षेत्राधिकारी महसी के निर्देशन में थानाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ मौर्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को धर दबोचा।

 

अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है तथा पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने और किन-किन लोगों को इसी तरह ठगा है।

 

गिरफ्तार अभियुक्त:

आशीष कुमार पुत्र राम किशोर निषाद

निवासी: ग्राम मैला सरैया, दा0 रामगढ़ी, थाना बौण्डी, जनपद बहराइच

Share this story