National

विकास की किरणों से लहराता हुआ विकास खण्ड हुज़ूरपुर 

• Mon Sep 08 2025 FAC News Desk

विकास की किरणों से लहराता हुआ विकास खण्ड हुज़ूरपुर

संवाददाता – फरियाद अली

 

बहराइच

विकास खण्ड हुज़ूरपुर में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की हकीकत कुछ और ही बयां करती है। यहां की कई ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली साफ दिखाई देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक शौचालय अक्सर बंद रहते हैं, सड़कों की हालत खस्ता है और जगह-जगह गड्ढों व जलभराव की समस्या बनी रहती है। नालियां टूट चुकी हैं और उनमें कचरा भरा रहता है, जिससे गंदगी और दुर्गंध फैलती है।

शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। प्राथमिक विद्यालयों में लगे नलों की टोटियां खराब पड़ी हैं, शौचालय बंद या जर्जर हालत में हैं। वहीं, सफाई कर्मियों की हाजिरी सिर्फ कागज़ों पर दर्ज होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि ये कर्मचारी फर्जी उपस्थिति दिखाकर वेतन उठा रहे हैं।

पंचायत स्तर पर भी लापरवाही का आलम देखने को मिलता है। कई जगह सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं, पंचायत मित्र या पंचायत सहायक समय से नहीं आते, और मनरेगा कार्यों में धांधली की शिकायतें आम हैं। कुछ ग्राम पंचायतों में बिना काम कराए ही भुगतान पास कर दिया गया। यहां तक कि ग्रामीणों को बुलाकर सिर्फ तस्वीर खिंचवाई जाती है और भुगतान कर दिया जाता है।

गरीब व जरूरतमंद लोग, जो ठेला लगाकर या छोटे-मोटे काम करके गुजर-बसर करते हैं, उन्हें आज तक प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकार से मिलने वाले विकास व योजनाओं के लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जनता का मेहनत का टैक्स और सरकारी धन सही दिशा में खर्च न होकर केवल कागज़ों पर विकास दिखाया जा रहा है।

Share this story